पोहरी पत्रकार रामेश्वर कंसाना पर हुए हमले के विरोध में पत्रकारों ने, एसपी व जिला सीओ को सौंपा ज्ञापन
शिवपुरी/पोहरी। पोहरी के एक पत्रकार पर कथित रूप से सुनियोजित तरीके से कराए गए हमले को लेकर जिलेभर के पत्रकारों में भारी रोष व्याप्त है। मामले को गंभीर मानते हुए शिवपुरी पोहरी एवं बैराड के पत्रकारों ने एकजुट होकर पुलिस अधीक्षक (SP) एवं जिला सीओ को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
पत्रकारों ने ज्ञापन में बताया कि संबंधित पत्रकार द्वारा ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं को लेकर समाचार प्रकाशित किए गए थे तथा जिला अधिकारियों को आवेदन देकर जांच की मांग की गई थी। उक्त शिकायतों पर वर्तमान में जांच प्रक्रिया जारी बताई जा रही है। आरोप है कि इसी से नाराज होकर संबंधित पक्ष द्वारा पत्रकार पर राजीनामा करने का दबाव बनाया जा रहा था।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि जब पत्रकार ने किसी भी प्रकार का समझौता करने से इनकार कर दिया, तो उस पर ग्राम पंचायत डोभा की महिला सरपंच सहित अन्य लोगों द्वारा हमला किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी अपलोड किए जाने की बात सामने आई है, जिससे पत्रकार की छवि को नुकसान पहुंचने का आरोप लगाया गया है। पत्रकारों का कहना है कि महिलाओं के माध्यम से सुनियोजित हमला कराया गया।
पत्रकारों ने इस घटना को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला बताते हुए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा प्रहार करार दिया। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित पत्रकार को सुरक्षा प्रदान की जाए।
इस दौरान बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है

एक टिप्पणी भेजें